Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

धारचूला में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित वाहन खाई में गिरा, चालक की मौत, 2 घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ के धारचूला में बड़ा सड़क हादसा। सिनियाखोला जा रहा वाहन 30 मीटर गहरी खाई में गिरा। एक की मौत, दो गंभीर घायल। खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष।

धारचूला (पिथौरागढ़) उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र धारचूला में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। धारचूला से सिनियाखोला की ओर जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुखद घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा दोपहर करीब 1 बजे के आसपास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन चालक कमल राम (पुत्र हरी राम) ने इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। वहीं, वाहन में सवार नर सिंह और विजेंद्र थापा को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धारचूला में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को इस दुर्घटना का मुख्य कारण बताया है। खड़क सिंह दानू सहित कई ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 10 वर्षों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही के कारण यह मार्ग अब ‘डेथ जोन’ में तब्दील होता जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जाएगी। हालांकि, ग्रामीण अब निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

Select Language

Advertisement