Report by : CWN Desk
Published at :
दीपावली पर ट्रेनें पैक, सीट के लिए मारामारी

सामान्य कोच में लोग खिड़की पर लटक कर यात्री सफर करने को मजबूर दिखे
देहरादून। देहरादून रेलवे स्टेशन पर त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ी रही। खासकर पूर्वांचल जाने वाले ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी रही। आलम यह रहा कि सामान्य कोच में लोग खिड़की पर लटक कर सफर करने को मजबूर दिखे।
यात्रियों की भीड़ का आलम यह रहा कि सामान्य कोच और आरक्षित कोच में कोई खास फर्क नजर नहीं आया। सामान्य डिब्बों में जिन्हें जगह नहीं मिली वह आरक्षित डिब्बों में खड़े होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। कई यात्री टीटीई से पेनल्टी लेकर सिर्फ ट्रेन में चढ़ने की गुजारिश करते भी नजर आए।
देहरादून में रहकर पढ़ाई व नौकरी करने वाले दिल्ली व पूर्वांचल के अधिकांश लोग त्योहार मनाने के लिए घर जाते हैं। इससे हर बार त्योहारी सीजन में देहरादून से चलने वाली ट्रेनें आमतौर पर पैक होकर चलती हैं। ऐसे में जिन यात्रियों ने पूर्व में आरक्षण कर रखा है उन्हें तो सीट मिल गई लेकिन अंतिम समय पर यात्रा करने वाले यात्रियों काे वेटिंग टिकट मिल रहा है और टिकट कंफर्म नहीं होने के कारण उन्हें ट्रेन में जगह नहीं मिल रही है। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार दोपहर देहरादून से सुबेदारगंज (प्रयागराज) के बीच चलने वाली देहरादून सुबेदारगंज एक्सप्रेस यात्रियों से ठसाठस भरकर रवाना हुई। शाम साढ़े छह बजे वाराणसी के लिए रवाना हुई जनता एक्सप्रेस भी पैक होकर रवाना हुई। रात नौ बजकर 45 मिनट पर रवाना हुई देहरादून हावड़ा एक्सप्रेस भी ठसाठस भरकर रवाना हुई। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि त्योहारी सीजन में सभी ट्रेनें लगभग फुल चल रही हैं। पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है।
आरक्षण कार्यालय पर भी यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। स्टेशन अधीक्षक देहरादून शशांक शर्मा ने बताया कि देहरादून को त्योहारी सीजन के लिए फेस्टिवल स्पेशल नहीं मिली है। सभी ट्रेनें पूर्ण क्षमता के साथ चल रही हैं। देहरादून से दिल्ली जाने वाली शताब्दी, जनशताब्दी व वंदे भारत एक्सप्रेस में भीड़ की स्थिति सामान्य रही। हालांकि ये ट्रेनें भी पैक होकर रवाना हो रही हैं, लेकिन इनमें पूर्वांचल रूट की ट्रेनों की तरह स्थिति नहीं है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›