Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
अल्मोड़ा में सेवानिवृत्ति के बाद मिली रकम हड़पने के लिए दो बेटियों ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की

रस्सी से हाथ बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा और दराती व डंडे से हमलाकर हत्या की
अल्मोड़ा। आईटीबीपी से सेवानिवृत्ति के बाद मिली रकम हड़पने के लिए दो बेटियों और एक बेटे ने बड़ी बेटी के कथित प्रेमी के साथ मिलकर पिता की नृशंस हत्या कर दी। ग्रामीणों ने चारों हत्यारोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रस्सी से बुजुर्ग के हाथ बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा और दराती और डंडे से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी नाबालिग छोटी बेटी को बाल संप्रेक्षण गृह और बाकी को जेल भेजा दिया है।
पुलिस के मुताबिक आईटीबीपी में कमांडो रहे 60 वर्षीय सुंदर लाल पुत्र दुर्गा राम तीन माह पहले सेवानिवृत्त हुए थे। वह जिले में थाना लमगड़ा से 30 किमी दूर अपने गांव भागादेवली में रह रहे थे। नौ साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। 28 दिसम्बर को दोनों बेटियां, बेटा और बड़ी बेटी का कथित प्रेमी हर्षवर्धन पुत्र प्रसादी लाल निवासी गली नम्बर 16, संगम विहार दिल्ली भागादेवली गांव पहुंचे। शुक्रवार शाम चारों का पिता से विवाद हुआ तो सुंदर लाल के भाई ओम प्रकाश ने दखल देना चाहा, इससे आग बबूला होकर चारों ने ओम प्रकाश और उनके परिवार को पीटकर घर से भगा दिया।
कुछ ही देर में घर से चीखने की आवाजें आने लगीं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रधान पति और ग्राम प्रहरी को दी। शाम साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचे लोगों ने मकान का दरवाजा खुलवाना चाहा, जो अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर सुंदर लाल का शव पड़ा देख ग्रामीण दंग रह गए। ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की। गांव वालों ने घेरकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भाई ओम प्रकाश की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›