Report by : CWN Desk
Published at :
पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो यात्रियों की मौत, चार घायल

रुद्रप्रयाग। जिले के गौरीकुंड हाईवे पर काकडागाड के पास केदारनाथ यात्रा के दौरान एक वाहन अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक सहित दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि अन्य चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब केदारनाथ यात्रा के लिए जा रहा वाहन पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने घायलों को उपचार के लिए अगस्त्यमुनि स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।

डीडीएमओ नंदन सिंह रजवार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन चालक 38 वर्षीय राजेश रावत पुत्र राय सिंह, निवासी नाग पनियाला, लंबगांव, नई टिहरी और 24 वर्षीय शैलेश कुमार पुत्र मोहन, निवासी छत्तीसगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में 24 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पुत्र धनीराम यादव, 24 वर्षीय ओंकार सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह, 19 वर्षीय विपेश यादव पुत्र गोविंद यादव और चिमांश साहू पुत्र ओंकार साहू (निवासी जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़) शामिल हैं।

घायलों का उपचार अगस्त्यमुनि सीएचसी में जारी है, और चिकित्सकों द्वारा उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

एसडीआरएफ की तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल सका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›