Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तरकाशी: मोरी में मकान की दीवार गिरने से पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चों की मौत

मोरी। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे मोरी के मोरा गांव स्थित गुर्जर बस्ती में एक आवासीय भवन की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 26 वर्षीय गुलाम हुसैन पुत्र अली अहमद, उनकी 23 वर्षीय पत्नी रुकमा खातून, तीन वर्षीय पुत्र आबिद और 10 माह की मासूम बेटी सलमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, सभी गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर पड़ी और पूरा परिवार मलबे में दब गया। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को मलबे से बाहर निकाला।

मोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि चारों की मौत दम घुटने से हुई है। तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल के अनुसार, दीवार गिरने के कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन संभावना है कि कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश या भवन की खराब स्थिति के चलते दीवार कमजोर हो गई होगी।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›