Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में दो दर्दनाक हादसे: कांवड़ियों पर गिरा गार्डर, सड़क हादसे में 4 की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के बहादराबाद और पथरी में हुए दो अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। बड़ेड़ी में गार्डर गिरने से 2 कांवड़ियों ने जान गंवाई, जबकि पथरी में बाइक भिड़ंत हुई।

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के बहादराबाद और पथरी क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में चार लोगों की असमय मौत हो गई। पहली घटना बहादराबाद के बड़ेड़ी राजपूतान क्षेत्र की है, जहां फ्लाईओभर के नीचे विश्राम कर रहे कांवड़ियों पर अचानक भारी-भरकम लोहे का गार्डर गिर गया। इस दुखद हादसे में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई।
घटना के अनुसार हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़िए बड़ेड़ी राजपूतान में फ्लाईओभर के नीचे आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक कांवड़िए के चढ़ने से ऊपर रखा लोहे का भारी गार्डर खिसककर नीचे बैठे श्रद्धालुओं पर आ गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो कांवड़ियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे साथी श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
मृतक कांवड़ियों की पहचान तनुज (21 वर्ष) निवासी मुरादनगर, जिला मेरठ और कृष्ण (22 वर्ष) निवासी भोजपुर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद फ्लाईओभर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं दूसरा हादसा पथरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटारपुर के पास लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर घटित हुआ। यहां दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सौरभ (26 वर्ष) निवासी बादशाहपुर और राजा (25 वर्ष) निवासी पुरुषोत्तम नगर के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही दिन में हुए दो हादसों से प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Select Language

Advertisement