चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
तुंगनाथ-चंद्रशिला में बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत, 45 पर्यटक रेस्क्यू
उत्तराखंड के तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो भाइयों की मौत हो गई। खराब मौसम में फंसे 45 पर्यटकों को डीडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला। पढ़ें पूरी खबर।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध ट्रेकिंग स्थल तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र के चंद्रशिला में शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अचानक आए आंधी-तूफान के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उत्तर प्रदेश के लखनऊ से घूमने आए दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस खराब मौसम के दौरान पहाड़ी पर फंसे 45 से अधिक अन्य पर्यटकों को राहत एजेंसियों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे इस ऊंचाई वाले क्षेत्र में मौसम अचानक बेहद खराब हो गया था। तेज हवाओं और आंधी के कारण कई पर्यटक रास्ते में ही फंस गए। प्रशासन ने सूचना मिलते ही जिला आपदा मोचन बल (DDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को तुरंत मौके के लिए रवाना कर दिया।
राहत दल के पहुंचने से पहले ही चंद्रशिला में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे उसके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। ऊखीमठ के थाना प्रभारी मनोज नेगी ने लखनऊ निवासी दोनों सगे भाइयों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।
इस प्राकृतिक आपदा में उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी तीन अन्य पर्यटक भी घायल हुए हैं। घायलों में 25 वर्षीय शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा शामिल हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने इस घटना के बाद सभी तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम में ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्गों पर जाने से पूरी तरह बचें।
