Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

बागेश्वर में पिंडारी ट्रैक पर भटका यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, बिना वीजा-पासपोर्ट के घूम रहा था!

Published

on

खबर शेयर करें 👉

बागेश्वर के कपकोट में बिना वैध दस्तावेजों के घूम रहे एक यूक्रेनी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पिंडारी ट्रैक पर रास्ता भटकने के बाद ग्रामीणों ने बचाई थी जान।

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के कपकोट क्षेत्र में पुलिस ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के घूम रहे एक यूक्रेनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। विदेशी नागरिक की पहचान 36 वर्षीय मक्सिम स्टार चिंको के रूप में हुई है, जो यूक्रेन के खार्किव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कड़ा मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विदेशी नागरिक प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग रूट पर आया हुआ था, लेकिन घने जंगलों के बीच वह अचानक अपना रास्ता भटक गया। रास्ता खोने के बाद वह डौला गांव से पैदल ही ऋषिकेश की तरफ जाने का प्रयास कर रहा था। इस बेहद दुर्गम और पथरीले रास्ते पर चलते समय वह असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में उसके हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
कपकोट के थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि डौला गांव के स्थानीय ग्रामीणों ने 24 मई को उसे लहूलुहान और घायल अवस्था में देखा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के बाद जब मंगलवार को उसकी सेहत में सुधार हुआ, तो पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की।
पूछताछ और तलाशी के दौरान विदेशी नागरिक के पास भारत में रहने या यात्रा करने का कोई भी वैध दस्तावेज, वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला। इसके बाद उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल ने कार्रवाई करते हुए उसे कपकोट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अप्रवास तथा विदेशियों विषयक विधेयक के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर चंद्र इस पूरे संवेदनशील मामले की बारीकी से विवेचना कर रहे हैं।

Select Language

Advertisement