हल्द्वानी
हल्द्वानी में बेकाबू कार घर में घुसी, खेल रहे बच्चे घायल, 10 साल का मासूम नाली में गिरा
हल्द्वानी राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास बैक करते समय अनियंत्रित कार दीवार तोड़कर घर में जा घुसी। हादसे में 10 वर्षीय बालक समेत कई बच्चे घायल, चालक फरार।
हल्द्वानी। राजपुरा मिलिट्री कैंट रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। बैक करते समय एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार अचानक एक मकान की दीवार को तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसी। इस हादसे के दौरान बाहर खेल रहे मासूम बच्चे कार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
हादसा एरोड्रम रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। कार बैक करने के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी स्थानीय निवासी संजय के घर की मजबूत सीमेंट की दीवार को ध्वस्त करती हुई आंगन में घुस गई। जोरदार टक्कर के धमाके से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
घटना के समय परिवार में मातृ शोक होने के कारण सभी वयस्क सदस्य घर के भीतर मौजूद थे, जबकि बच्चे बाहर आंगन और सड़क पर खेल रहे थे। हादसे में कई बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। वहीं संजय का 10 वर्षीय पुत्र वंश गाड़ी के जोरदार झटके से छिटककर पास की नाली में जा गिरा, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।
गृह स्वामी संजय ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर जब वे बाहर आए तो कार आंगन के अंदर पड़ी थी और पक्की दीवार पूरी तरह टूट चुकी थी। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक मौके का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने घटना की लिखित सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।
