हल्द्वानी
चोरगलिया में सीएम धामी ने किया 9.93 करोड़ के पुल का लोकार्पण, राह होगी आसान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चोरगलिया के शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने 120 मीटर डबल लेन कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया। स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार 16 अगस्त को नैनीताल जिले के प्रवास के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि आम जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला पर 993 लाख (9.93 करोड़) रुपये की लागत से बने 120 मीटर स्पैन के डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया। इस नए पुल के बनने से चोरगलिया और आसपास के हजारों ग्रामीणों को मानसून के दौरान जलभराव और उफनते नाले से मिलने वाली परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी।
बता दें कि हर साल बारिश के मौसम में शेर नाला उफान पर आने से यातायात पूरी तरह ठप्प हो जाता था और लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। इस 120 मीटर लंबे पुल के शुरू होने से न केवल स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटकों और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
