Connect with us

देहरादून

ऋषिकेश में अनोखा मामला: दोस्त की नाराजगी पर लगा दिए गुमशुदगी के पोस्टर, पहुंचे कोतवाली

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऋषिकेश में रूठे दोस्त को मनाने के लिए दोस्तों ने शहर में गुमशुदगी के पोस्टर लगा दिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला कोतवाली पहुंच गया है।

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से दोस्ती और मजाक का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आपसी खटास के बाद दोस्तों द्वारा किया गया एक मजाक उनके लिए ही गले की फांस बन गया। अपने साथी से बातचीत बंद होने पर तीन युवकों ने उसे मनाने के लिए ऐसा गैर-जिम्मेदाराना तरीका अपनाया कि अब यह पूरा मामला पुलिस की चौखट तक पहुंच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रेलवे रोड क्षेत्र का रहने वाला एक युवक निजी कंपनी में काम करता है। कुछ समय पहले किसी बात को लेकर उसकी अपने तीन दोस्तों से कहासुनी हो गई थी। इस मामूली विवाद के बाद पीड़ित युवक ने अपने उन दोस्तों से पूरी तरह बातचीत बंद कर दी। कई दिनों तक संपर्क न होने पर दोस्तों ने उसे मनाने के लिए एक अजीबोगरीब तरकीब सोची।
दोस्तों ने युवक की तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर छपवाकर शहर भर में लगा दिए। हद तो तब हो गई जब पोस्टर पर उसे ढूंढकर लाने वाले को ‘सिगरेट की डिब्बी’ इनाम में देने की बात लिखी गई।
शुरुआत में तो लड़कों ने इसे महज एक मजाक समझा था। लेकिन देखते ही देखते इन पोस्टरों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जब इस हरकत की जानकारी पीड़ित युवक और उसके परिवार को हुई, तो मामला तुरंत ऋषिकेश कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मजाक की भी एक सीमा होनी चाहिए, जिससे किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस न पहुंचे। पुलिस विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे इस तरह के सार्वजनिक और गैर-कानूनी हथकंडे अपनाने से बचें। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को सुलझाने और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Select Language

Advertisement