Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में गौमांस तस्करी की अफवाह पर भड़का हंगामा, ड्राइवर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

रामनगर के छोई कस्बे में गौमांस तस्करी की अफवाह पर भारी हंगामा। भीड़ ने लोडर चालक को बुरी तरह पीटा और पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। जानें 4 घंटे चले बवाल के बाद पुलिस की कार्रवाई और मांस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट।

रामनगर: बरेली से मोटा मांस लेकर रामनगर आ रहे एक लोडर वाहन को गुरुवार को निकटवर्ती छोई कस्बे में भारी हंगामे का सामना करना पड़ा। गौमांस तस्करी की अफवाह फैलने के बाद, भाजपाइयों, ग्रामीणों और कुछ संगठनों के लोगों ने लोडर को रोक लिया। आक्रोशित भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की और इसके चालक को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
बैलपड़ाव चौकी पर 4 घंटे चला बवाल, पुलिस से तीखी झड़प
सुबह करीब साढ़े आठ बजे छोई के लोगों ने लोडर को पकड़ा था। चालक की पिटाई के बाद यह पूरा मामला बैलपड़ाव पुलिस चौकी तक पहुंच गया, जहां करीब चार घंटे तक भारी हंगामा होता रहा। हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस पर एक अन्य वाहन को पैसे लेकर छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया। इसी दौरान, कुछ लोगों ने चौकी में खड़े लोडर वाहन में तोड़फोड़ कर दी और चौकी की छत पर चढ़कर चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग करने लगे। मामले को शांत करने के लिए एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ रामनगर सुमित पांडे और कोतवाल सुशील कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी भीड़ को समझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जांच में ‘मोटा मांस’ निकला, वैध थे कागजात
एसडीएम रामनगर, प्रमोद कुमार ने बताया कि चार घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति संभाली। मांस का सैंपल भरकर तुरंत लैब भेजा गया और पशु चिकित्सक से भी जांच कराई गई। आधिकारिक जांच में सामने आया कि लोडर में मोटा मांस ही था और यह वैध तरीके से लाया जा रहा था। चालक ने मांस परिवहन संबंधी सभी वैध कागजात भी पुलिस को दिखाए। कोतवाल ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ता रोहित जोशी ने इस संबंध में एक लिखित तहरीर दी है।
चालक की पत्नी ने की कार्रवाई की मांग, कोतवाली पर तनाव
इधर, लोडर ड्राइवर नासिर को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मोटा मांस के कारोबारियों ने रामनगर कोतवाली का घेराव कर दिया। घायल चालक नासिर की पत्नी नूरजहां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मारपीट करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली में महिलाओं और लोगों की भीड़ जमा होने से तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। एहतियात के तौर पर पुलिस अधिकारियों को आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›