हल्द्वानी
हल्द्वानी MBPG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव पर बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज
हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में नामांकन के दौरान छात्रों के हंगामे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। गाड़ियों पर एक्शन की तैयारी, 29 सितंबर को मतदान।
हल्द्वानी। स्थित कुमाऊं के सबसे बड़े मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (MBPG) में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान भारी अराजकता देखने को मिली। SSP मंजूनाथ टीसी की स्पष्ट रोक और चेतावनी के बावजूद कॉलेज परिसर के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, ट्रकों और बड़ी गाड़ियों पर डीजे लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया। तेज़ आवाज़ में हुई नारेबाजी और जुलूस के कारण सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शक्ति प्रदर्शन के दौरान नियमों का उल्लंघन कर रहे छात्र समर्थकों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो मौके पर तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और एनएसयूआई (NSUI) समेत अन्य हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजकर उन्हें मौके से खदेड़ दिया। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
MBPG कॉलेज में 29 सितंबर को होने वाले इस चुनाव में करीब 12,000 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय बना हुआ है। मैदान में एबीवीपी (ABVP) के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई (NSUI) के मेहुल शाह और एबीवीपी से बगावत कर निर्दलीय उतरे आर्यन बेलवाल आमने-सामने हैं। नामांकन के दिन आर्यन बेलवाल नंगे पैर और दुपट्टा ओढ़कर पहुंचे, वहीं एनएसयूआई और एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत का दावा ठोकते हुए एक-दूसरे पर तीखे राजनीतिक हमले बोले।
मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बिना अनुमति निकाले गए जुलूस और रैलियों में शामिल वाहनों के नंबर नोट कर लिए गए हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रव करने वाले चेहरों की पहचान की जा रही है। 26 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि है, जिसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। पुलिस और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले छात्र नेताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
