उत्तराखण्ड
उत्तराखंड भाजपा बैठक: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नाराज विधायकों को फटकारा
उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देहरादून में सांसदों और विधायकों के साथ बड़ी बैठक की। मिशन 2027 को लेकर दिए कड़े निर्देश।
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को देहरादून में सियासी हलचल तेज रही। इस दौरान संगठन और सरकार के बीच समन्वय, मिशन-2027 की चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर मैराथन बैठकों का दौर जारी रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठन की स्थिति और सरकार के कामकाज पर सीधा फीडबैक लिया। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने पार्टी से नाराज चल रहे कुछ विधायकों को सख्त लहजे में फटकार भी लगाई है।
इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के साथ एक भावुक कदम उठाया। सभी वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद देहरादून के वेलकम होटल में सांसदों और विधायकों के साथ मुख्य समन्वय बैठक शुरू हुई। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे, जहां सरकार की योजनाओं और बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की गई।
डेढ़ घंटे से अधिक चली इस बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व ने जनप्रतिनिधियों की परफॉर्मेंस को लेकर तीखे सवाल पूछे। नितिन नवीन और बीएल संतोष ने सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर सीधा हिसाब मांगा। सूत्रों के अनुसार, जब नेतृत्व ने पूछा कि जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर क्या नए प्रयास किए गए, तो कई जनप्रतिनिधि तत्काल कोई जवाब नहीं दे सके। इस पर नेतृत्व ने दो टूक शब्दों में आम लोगों के बीच पार्टी की पहुंच को और मजबूत करने का निर्देश दिया।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बैठक में ‘मिशन-2027’ की तैयारियों का पूरा खाका खींचा गया। रणनीति के तहत अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों की सूची तैयार कर उनसे नियमित संपर्क साधा जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय ही जीत की असली कुंजी है। नेतृत्व ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक सक्रिय होने और मिशन-2027 की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
