Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज के बाहर छात्रों में हिंसक झड़प, लाठीचार्ज

हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में मतदान के बाद छात्र गुट आपस में भिड़े। छात्राओं में भी मारपीट, पुलिस ने लाठी खदेड़कर संभाली स्थिति।

हल्द्वानी। एमबीपीजी (MBPG) कॉलेज के बाहर मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए। मंगलवार को हुई इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छात्राओं के बीच भी लात-घूंसे चले, जिससे कॉलेज के मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नैनीताल रोड स्थित कॉलेज गेट के बाहर मतदान खत्म होने के कुछ ही देर बाद छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बहस ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इस झड़प में एक छात्रा के सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल छात्रा को उसके सहपाठियों ने तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हंगामा कर रहे छात्रों की भीड़ लगातार बढ़ती देख पुलिस को लाठी फटकार कर उपद्रवियों को मौके से खदेड़ना पड़ा। पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद ही परिसर के बाहर हंगामा शांत हो सका और यातायात व्यवस्था बहाल की जा सकी।
फिलहाल कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान में जुटी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में शामिल दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›