Report by : CWN Desk
Published at :
909999 10

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम अगले तीन दिन में करवट बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत नौ जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार से मंगलवार तक देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में मौसम करवट बदल सकता है।
अल्मोड़ा, नैनीताल व चम्पावत में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, शनिवार को दोपहर तक देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल छाये रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम एक बार फिर से साफ हो गया। चमोली, रुद्रप्रयाग व उत्तरकाशी जनपदों के चार धाम में दोपहर के समय हल्के बादल छाए रहे।
देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.0 व न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 23.6 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 22.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले तीन दिनों में उत्तराखंड का मौसम परिवर्तनशील रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान प्रदेशभर में कहीं-कहीं हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान नौ जनपदों में ओलावृष्टि की संभावना है। रविवार और मंगलवार के मुकाबले सोमवार को वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना अधिक है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›