Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

पौड़ी गढ़वाल के हलसी गांव में गुलदार के हमले से महिला की मौत, इलाके में दहशत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पौड़ी गढ़वाल। जिले के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव में गुलदार के हमले से 34 वर्षीय महिला लता देवी पत्नी जयवीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
घटना रविवार शाम की है, जब लता देवी अपने घर के समीप खेत में बकरियां चरा रही थीं। ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश मियां के अनुसार, झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक लता देवी की मौत हो चुकी थी। मृतका की गर्दन पर गहरे घाव के निशान पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और वन विभाग तुरंत सतर्क हो गया। पौखाल क्षेत्र के कानूनगो राकेश डबराल और पटवारी कांता प्रसाद गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके साथ ही लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ आकाश गंगवार और दुगड्डा रेंजर उमेश चंद्र जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं।
डीएफओ आकाश गंगवार ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका पर गुलदार ने हमला किया था। उन्होंने कहा कि वनकर्मी मौके पर तैनात किए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। साथ ही घटना के कारण की गहराई से जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम पंचायत जवाड़ के अलावा बिस्ताना, कांडाखाल, बनाली, पल्ला, बिरमोली, बड़ेथ, सुंडल, उडियारी, दीवा सहित अन्य आसपास के गांवों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों में गुलदार के आतंक से खेती-बाड़ी व पशु चराने में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को कहा गया है कि वे समूह में ही खेतों में जाएं और सतर्क रहें ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से बचा जा सके। वन विभाग गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement