Report by : CWN Desk
Published at :
इंस्टाग्राम पर लिखा “मां मैं जा रहा हूं”..हल्द्वानी में युवक ने फंदे पर झूलकर दे दी जान

खाना नहीं बना होने पर बहनों से हुई थी कहासुनी, गुस्से में युवक ने उठा लिया आत्मघाती कदम

हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में एक युवक ने फंदे पर झूलकर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जान देने से पहले युवक ने इंस्टाग्राम में लिखा, मां मैं जा रहा हूं, परिवार का ख्याल रखना। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
वैलेजाली लॉज निवासी राजा (19) पुत्र स्व. केवल बरेली रोड स्थित एक कार सर्विस सेंटर में पेंटर का काम करता था। पुलिस के अनुसार युवक का खाने को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था। बीते रविवार रात भी राजा काम से जब घर लौटा, तो खाना तैयार नहीं मिलने पर उसकी अपनी बड़ी बहनों से कहा-सुनी हो गई। हालांकि इसके बाद राजा ने खाना खाया और सोने के लिए छत पर निर्माणाधीन परिसर में चला गया।
सोमवार सुबह परिजनों ने उसे छत में फांसी के फंदे पर लटका देखा, तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था। मां शीला देवी नैनीताल रोड स्थित जजी कोर्ट के बाहर जलपान का ठेला लगाती है। पति की मृत्यु के बाद ठेले की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। हालांकि कुछ समय से राजा के भी काम पर जाने से परिवार को कुछ मदद मिलने लगी थी। लेकिन राजा की आत्महत्या से मां और परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
परिजनों ने कभी सोचा भी नहीं था कि खाने को लेकर घर में अक्सर विवाद करने वाला राजा छोटी सी बात को लेकर इतना बड़ा कदम उठा लेगा। मृतक राजा ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम में एक पोस्ट डाली, जिसमें उसने मां से परिवार का ख्याल रखने की बात लिखी थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›