Report by : CWN Desk
Published at :
कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में एनसीसी की सी प्रमाण पत्र की लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक

परीक्षा स्थगित, अब परीक्षा 25 फरवरी को होगी
नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की सी प्रमाण पत्र की लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना फैलने से रविवार को परीक्षा स्थगित कर दी गई। अब यह परीक्षा 25 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा नहीं होने से नैनीताल, रामनगर सहित अन्य स्थानों के कैडेट्स को निराश होकर लौटना पड़ा।
रविवार आज सुबह 10 बजे से एनसीसी सी प्रमाण पत्र की लिखित परीक्षा होनी थी। 79 बटालियन के नेवल व आर्मी के तीन सौ कैडेट परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। तभी कैडेट्स को बताया गया कि परीक्षा टल गई है। साथ ही सभी छात्रों के परीक्षा छोड़ वापस लौटने की जानकारी दी गई।
परीक्षा प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रो. एचसीएस बिष्ट ने प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में कुछ भी स्पष्ट जानकारी होने से इन्कार करते हुए बताया कि उन्हें एनसीसी के ग्रुप कमांडेंट कर्नल दिनेश सिंह ऐरी ने परीक्षा टलने की सूचना दी। जिस वजह से परीक्षा नहीं हुई। अब लिखित परीक्षा 25 फरवरी को होगी। यह परीक्षा एनसीसी मुख्यालय की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि अब मामले में जांच बैठा दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›