Report by : CWN Desk
Published at :
यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को पांच करोड़ की रंगदारी, भाऊ गैंग से धमकी भरा मेल

हल्द्वानी। प्रसिद्ध यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को अज्ञात व्यक्तियों ने भारी-भरकम रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है। मामला सामने आने के बाद हल्द्वानी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौरभ ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर को उन्हें एक मेल प्राप्त हुआ, जिसमें खुद को भाऊ गैंग से जुड़ा बताने वाले शख्स ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। मेल में साफ लिखा गया कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। धमकी से घबराए यू-ट्यूबर ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मेल भेजने वाले ने खुद को दिल्ली निवासी “भाऊ” से जुड़ा बताया है। यह व्यक्ति छोटा डॉन के नाम से चर्चित है और राजधानी दिल्ली में आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात माना जाता है।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही पूरे प्रकरण का पर्दाफाश करेगी।
सौरभ जोशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करोड़ों दर्शकों वाले चर्चित कंटेंट क्रिएटर हैं। ऐसे में उन्हें मिली यह धमकी न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा बल्कि साइबर अपराध की गंभीरता पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस तकनीकी सेल की मदद से मेल के स्त्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›