देहरादून में ठहरे अभिनेता अक्षय कुमार की पीठ में दर्द के कारण तबीयत बिगड़ गई है। इससे मसूरी में उनकी फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग रद्द करनी पड़ी है।
देहरादून। उत्तराखंड में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। देहरादून के राजपुर क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे अक्षय कुमार को पीठ में तेज दर्द की शिकायत हुई है। चिकित्सकों की एक टीम तुरंत उनके इलाज के लिए मौके पर पहुँची और उन्हें आवश्यक उपचार दिया।
तबीयत खराब होने के कारण अभिनेता तय शेड्यूल के अनुसार मसूरी नहीं पहुंच सके। बुधवार को उन्हें मसूरी के प्रसिद्ध किताबघर चौक पर अपनी फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माने थे। उनके अचानक अस्वस्थ होने के कारण निर्देशक को शूटिंग का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित करना पड़ा है, जिससे उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई है।
अक्षय कुमार इन दिनों निर्देशक कनिष्क वर्मा और निर्माता विपुल अमृत लाल शाह की साइंस-फिक्शन सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म का ब्रिटेन शेड्यूल हाल ही में सफलताપूर्वक पूरा हुआ था और अब उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ों पर इसके दृश्य शूट किए जा रहे हैं। फिल्म को वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई गई है।
स्थानीय प्रशासन और फिल्म यूनिट के सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। चिकित्सकों की सलाह पर अभिनेता फिलहाल देहरादून के गेस्ट हाउस में ही विश्राम कर रहे हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही मसूरी में शूटिंग का आगामी कार्यक्रम दोबारा शुरू किया जाएगा।
