देहरादून
मसूरी में रील बनाते समय 20 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी की खाई में गिरने से मौत
मसूरी के लाइब्रेरी चौक व्यू प्वाइंट पर रील बनाते वक्त दिल्ली के 20 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी शिवम का पैर फिसल गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मसूरी। एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ लाइब्रेरी चौक स्थित एक व्यू प्वाइंट पर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान 20 वर्षीय युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक की पहचान नई दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र निवासी शिवम (20 वर्ष) के रूप में हुई है। शिवम दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के सीडब्ल्यूजी विलेज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का एक होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी था। वह घटना से एक दिन पहले ही दिल्ली से अपने दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आया था और रात में एक स्थानीय होटल में ठहरा था।
शुक्रवार सुबह शिवम लाइब्रेरी चौक के पास स्थित व्यू प्वाइंट पर वीडियो और रील बना रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मसूरी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर युवक को खाई से निकाला और एंबुलेंस के जरिए तुरंत सिविल अस्पताल पहुँचाया, लेकिन सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन दिल्ली से मसूरी पहुँचे। पुलिस ने जांच के बाद शिवम का मोबाइल फोन उसके पिता अजय सैनी को सौंप दिया है। परिजनों ने इसे एक दुर्घटना मानते हुए किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
