उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में सनसनी: दूध में थूक मिलाकर बेचने वाला दूधिया शाहिद अली गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई हरकत
रुद्रपुर के रविंद्र नगर में दूध में थूक मिलाकर बेचने के आरोप में दूधिया शाहिद अली गिरफ्तार। CCTV फुटेज और VHP की तहरीर पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई।
रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के वार्ड नंबर 35 स्थित रविंद्र नगर में थूकने के बाद घरों में दूध बांटने के आरोपी मुस्लिम दूधिए शाहिद अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय निवासियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र नगर में शाहिद अली नामक युवक लंबे समय से दूध सप्लाई करने आ रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्थानीय निवासी अमित वर्मा ने उसे दूध के बर्तन (डोलची) के पास मुंह ले जाकर संदिग्ध हरकत करते हुए देखा। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने तुरंत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दूध विक्रेता बाइक पर रखे बर्तन के पास झुककर कुछ आपत्तिजनक हरकत करता नजर आया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया।
घटना की सूचना फैलते ही मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई और लोगों ने आरोपी को घेर लिया। माहौल गरम होता देख तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची रुद्रपुर पुलिस ने स्थिति को संभाला और दूध विक्रेता को अपनी कस्टडी में लेकर आवास विकास चौकी पहुंचाया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगे।
मामले में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने आवास विकास चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहिद अली, निवासी ग्राम सितौर खजूरिया, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने पुष्टि की है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
