हल्द्वानी
हल्द्वानी में बोले नितिन नवीन और सीएम धामी: युवा शक्ति से बनेगा विकसित उत्तराखंड
हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से करियर, रोजगार और स्वरोजगार पर सीधी चर्चा की।
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस भव्य कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने प्रदेश भर से आए युवाओं से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक और खेल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। युवाओं ने भी सरकार की विभिन्न योजनाओं पर अपने अनुभव साझा किए और नए अवसरों को लेकर बहुमूल्य सुझाव रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को एक नई दिशा मिली है। ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करने वाला बन रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के इस दौर में उत्तराखंड के युवाओं के पास आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। राज्य सरकार “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सीएम धामी ने बताया कि विगत वर्षों में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लगभग 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां दी गई हैं। साथ ही, भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू कर दोषियों को जेल भेजा गया है।
सीएम धामी ने आगे बताया कि सरकार का ध्यान केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वरोजगार और कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन, होम स्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए साधन विकसित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सांसद अजय भट्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
