Report by : CWN Desk
Published at :
घर पर मिला 1.70 करोड़ कैश, कोई बोला मकान बेचा तो कोई बोला कंपनी का है

पुलिस ने कैश को सीज कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी

देहरादून। पुलिस ने देहरादून में एक अकाउंटेंट के घर से 1.70 करोड़ रुपये कैश बरामद किया है। इतनी बड़ी मात्रा में यह कैश कहां से आया, इस बारे में अकाउंटेंट कोई ठोस जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने कैश को सीज कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी है। अब शनिवार को इनकम टैक्स विभाग अपनी जांच शुरू करेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से आसपास के लोग हैरान हैं। इसे लेकर तमाम तरह की बातें कही जा रही हैं। हालांकि, इस मामले में इनकम टैक्स की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। नेहरू कॉलोनी एसओ लोकेंद्र बहुगुणा ने जानकारी दी कि बाईपास चौकी के प्रभारी को फ्रेंड्स एन्क्लेव स्थित एक घर पर कैश रखे होने की सूचना मिली थी। संभावना जताई गई कि यह आईपीएल सट्टे या हवाला की रकम हो सकती है। मौके पर पुलिस पहुंची तो इस घर से अलग-अलग जगह पर रखा 1.70 करोड़ रुपये का कैश मिला। शुरुआती जांच की गई तो सट्टे की बात सामने नहीं आई। अधिक मात्रा में कैश होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को इसकी सूचना दी। आयकर विभाग के ज्यादातर अधिकारियों के बाहर होने की दशा में पुलिस को ही कार्रवाई करनी पड़ी। कैश अधिक होने के चलते वहां पर गिनने के लिए मशीन भी लाई गई। यह लगभग 1.70 करोड़ रुपये थे।
जिस घर से कैश मिला है, वह अकाउंटेंट है। उसके पिता भी अकाउंटेंट हैं। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और यहां पर किराये के मकान में रहता है। इन लोगों से पूछताछ की गई तो अलग-अलग जवाब मिले। उन्होंने बताया कि वे जिस कंपनी में काम करते हैं, उसका ही कैश है। एक ने बताया कि उन्होंने मुजफ्फरनगर स्थित अपना मकान बेचा है। बयानों में विरोधाभास पर पुलिस ने यह कैश बैग में रखकर सीज कर दिया। इस मामले में इनकम टैक्स जांच शुरू करेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›