Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़ के नैनीसैनी में उतर सकेगा 42 सीटर हवाई जहाज

भारत सरकार ने दी अनुमति, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
देहरादून। उत्तराखंड में हवाई सेवा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्र सरकार ने पिथौरागढ़ के नैनीसैनी में बने एयरोड्रोम में सार्वजनिक हवाई सेवा के लिए लाइसेंस उच्चीकृत कर दिया है। अब यह टू सी श्रेणी का एयरोड्रोम होगा। यानी यहां 42 सीटर हवाई जहाज उतारा जा सकेगा। 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाइसेंस जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार प्रकट करते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग से निरंतर राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई सेवाएं सु²ढ़ हो रही हैं। उत्तराखंड में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पिथौरागढ़ जिले में सरकार ने वर्ष 2018 में उड़ान योजना के तहत देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई मार्ग पर हवाई सेवा शुरू की थी। 
पहले यहां केवल नौ सीटर हवाई जहाज को संचालित करने की अनुमति थी। इस आधार पर सरकार ने नौ सीटर हवाई जहाज का संचालन शुरू किया। यह सेवा देहरादून से पंतनगर और पिथौरागढ़ के बीच संचालित की गई। मार्च 2020 में इसे बंद कर दिया गया। 
कोरोना काल समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने इस हवाई सेवा को शुरू करने के लिए केंद्र का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद केंद्र ने यहां टू बी श्रेणी का लाइसेंस जारी कर हवाई सेवा संचालन का रास्ता साफ किया गया। 
इस श्रेणी के विमान की सेवाएं इसी माह शुरू हो गई हैं। अब केंद्र ने एयरोड्रोम को उच्चीकृत करने के लिए लाइसेंस जारी कर दिया है। इससे यहां बड़े हवाई जहाज उतर सकेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›