Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में स्वाइन फ्लू: 49 मामले आए सामने, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) तेजी से पैर पसार रहा है। अगस्त में 49 मामले और 5 मौतों के बाद अस्पतालों को अलर्ट पर रहने और आइसोलेशन वार्ड सक्रिय करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

देहरादून। स्वाइन फ्लू (H1N1 एनफ्लूएंजा) का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। अगस्त महीने की शुरुआत से लेकर अब तक देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 49 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। राज्य में इस संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को सरकारी और निजी अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामने आए 49 संक्रमित मरीजों में से 34 मरीज अकेले देहरादून जिले के निवासी हैं। वहीं 15 मरीज उत्तराखंड के अन्य जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से उपचार कराने दून पहुंचे हैं। राहत की बात यह है कि 34 संक्रमित मरीज पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। हालांकि, वर्तमान में 10 मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
इस संक्रमण के कारण अब तक 5 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। दून अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. मनोज शर्मा ने स्पष्ट किया कि जान गंवाने वाले सभी पांचों मरीज पहले से ही गंभीर बीमारियों (को-मॉर्बिडिटी) से ग्रसित थे। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जांच की सुविधाएं बढ़ने के कारण अब सामान्य सर्दी-जुकाम वाले मरीजों की भी जांच हो रही है, जिससे मामलों की समय पर पहचान हो रही है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10-10 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। सभी निजी व सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड को सक्रिय रखने और जीवनरक्षक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पैनिक न फैलाने और भीड़भाड़ में मास्क पहनने जैसी एहतियात बरतने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›