Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी व दिनेशपुर में सड़क हादसों में दो की मौत, तितोली में नौले में डूबने से मासूम ने गंवाई जान

हल्द्वानी। मंगलवार को कालाढूंगी और हल्द्वानी में हुए अलग-अलग हादसों में एक मासूम बच्ची और एक काश्तकार की मौत हो गई।
पहला हादसा मंगलवार सुबह करीब पौने दस बजे कालाढूंगी में हुआ, जब फतेहपुर (यूपी) निवासी वीरेंद्र कुमार सोनकर अपनी पत्नी प्रत्यूषा, बेटी कृतिका, दोस्त हरिलाल व उनकी पत्नी रामश्री के साथ नैनीताल से लौट रहे थे। कालाढूंगी से तीन किलोमीटर पहले लाल मिट्टी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।
दुर्घटना में आठ वर्षीय कृतिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य सवारियों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर कृतिका को हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। कालाढूंगी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि परिजन शव को साथ ले गए। वीरेंद्र के अनुसार हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना था।
दूसरी दुर्घटना उसी दिन दोपहर करीब दो बजे हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र में हुई। सुल्तानपुरी निवासी 55 वर्षीय किसान भोपाल राम बाइक से बाजार जा रहे थे, तभी कालीचौड़ मंदिर के पास एक कार से उनकी बाइक भिड़ गई। टक्कर में भोपाल राम गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि हादसे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›