Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार के रुड़की में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत

हरिद्वार। रुड़की में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया।गोकुलपुर गांव के पास दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव के पास एक ऑल्टो कार सामने से आ रही स्विफ्ट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। वाहन में बैठे छह लोग घायल हो गए। इनमें दीपक निवासी लहबोली, मंगलौर, अंकित व अतुल निवासी धारीवाल सुल्तानपुर और अंकित निवासी कनखल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को रुड़की अस्पताल भिजवाया गया। ज्यादा गंभीर रूप से घायल दो लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक राहुल निवासी सिमलाना बढ़गांव, सहारनपुर व दिनेश्वर निवासी मोहम्मदपुर, रुड़की का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। थाना अध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया है कि राहुल व दिनेश्वर की मौत हो चुकी है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›