Report by : CWN Desk
Published at :
सिंगापुर सरकार की अनोखी पहल: रील्स छोडो, किताब पढ़ो और पैसे कमाओ

सिंगापुर सरकार ने रील्स की लत छुड़ाने के लिए ‘ReadSG’ अभियान शुरू किया है। रोज 15 मिनट किताब पढ़ने पर मिलेंगे वर्चुअल कॉइन जिन्हें कैश में बदल सकते हैं।

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर रील्स और शॉर्ट वीडियो देखने की लत आज पूरी दुनिया में एक गंभीर समस्या बन चुकी है। इस लत से अपने नागरिकों को उबारने के लिए सिंगापुर सरकार ने एक बेहद अनोखा और सराहनीय कदम उठाया है। सरकार ने देश में ‘ReadSG’ नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्क्रीन टाइम कम कर किताबों से जोड़ना है।
इस ‘ReadSG’ अभियान के तहत नागरिकों को प्रतिदिन केवल 15 मिनट किताब पढ़नी होगी और अपनी इस गतिविधि को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। ऐसा करने पर यूजर्स को वर्चुअल कॉइन दिए जाएंगे, जिन्हें बाद में असली कैश में बदला जा सकता है। योजना के अनुसार 1,000 वर्चुअल कॉइन की कीमत 1 सिंगापुर डॉलर तय की गई है।
कमाई के गणित की बात करें तो रोजाना 15 मिनट पढ़ने पर यूजर को 20 कॉइन मिलते हैं। इस हिसाब से 1,000 कॉइन पूरे करने और 1 डॉलर कमाने के लिए व्यक्ति को लगातार 50 दिनों तक रोजाना 15 मिनट पढ़ना होगा। हालांकि यह धन राशि बहुत बड़ी नहीं लगती, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को पैसे देना नहीं, बल्कि उनमें पठन-पाठन की एक स्थायी और खूबसूरत आदत विकसित करना है।
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने सरकार की इस रचनात्मक पहल की जमकर सराहना की है। उनका मानना है कि रील्स के इस दौर में लोगों का ध्यान लगातार भटक रहा है और सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो रही है। ऐसे में रिवॉर्ड आधारित यह योजना युवाओं और बच्चों को दोबारा किताबों की ओर मोड़ने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›