Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी दमुवाढूंगा में शादी समारोह में मचा हंगामा, दोनों पक्षों में झड़प

काठगोदाम: दमुवाढूंगा क्षेत्र के वार्ड 37 स्थित मित्रपुरम में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई। इस घटना में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने पथराव और मारपीट का आरोप लगाया है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मोहल्ले के एक दुकानदार ने बताया कि रात के समय जब उनकी नाबालिग बेटी दुकान बंद कर रही थी, तब कुछ नशे में धुत युवक वहां पहुंच गए और लड़की के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब लड़की की मां ने विरोध किया तो युवकों ने मां के साथ मारपीट की और पिता के सिर पर पत्थर मार दिया। इसके बाद युवकों ने घर पर भी पथराव किया।
दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, तभी पड़ोसी आकर उनके साथ मारपीट करने लगे और शादी में आई युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने भी पथराव किया।
दोनों पक्षों ने इस घटना को लेकर काठगोदाम थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह घटना क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›