Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में पूर्व प्रेमी ने तोड़वाई युवती की शादी, अश्लील वीडियो वायरल करने पर केस दर्ज

हल्द्वानी। एक युवती की शादी से ठीक एक हफ्ते पहले उसके पूर्व प्रेमी ने अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल कर रिश्ता तुड़वा दिया। आरोप है कि युवक ने युवती के मंगेतर और ससुराल पक्ष को आपत्तिजनक कंटेंट भेजा, जिससे वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। इस मामले में मुखानी क्षेत्र निवासी पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

युवती ने पुलिस को बताया कि बीती 6 जून को ओखलकांडा, खनस्यूं निवासी युवक से उसकी शादी तय हुई थी। सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, कार्ड बंट चुके थे, हॉल बुक था और कैटरिंग का भुगतान भी किया जा चुका था। इस बीच, उसके पुराने प्रेमी, चम्पावत जिले के गौलडांडा निवासी मनोज सिंह चौधरी ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो और मैसेज वायरल कर दिए। सितंबर 2024 में उसे थाने बुलाया गया था, जहां आरोपी ने परिजनों और पुलिस के सामने माफी मांगी थी।

इसके बावजूद, आरोपी ने फिर से वही हरकत की और विवाह से एक हफ्ता पहले अश्लील वीडियो व फोटो मंगेतर और अन्य रिश्तेदारों को भेज दीं। इसके परिणामस्वरूप वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। युवती के अनुसार, आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर धोखे से अश्लील सामग्री बनाई थी।

मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 256, 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

इस घटना से युवती के परिवार को गहरा आघात पहुंचा है, और क्षेत्र में इस कृत्य को लेकर गुस्सा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›