हल्द्वानी
हल्द्वानी: गौला नदी में 21 और 22 मार्च को खनन कार्य बंद, भारी वाहनों पर रोक
हल्द्वानी की गौला नदी में 21 और 22 मार्च 2026 को खनन कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। जनसभा और वीवीआईपी रैली के मद्देनजर प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई है।
हल्द्वानी। गौला नदी से उपखनिज निकासी का कार्य आगामी दो दिनों तक स्थगित रहेगा। प्रभागीय लौगिंग प्रबंधक, उत्तराखंड वन विकास निगम ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार, दिनांक 21 और 22 मार्च 2026 को गौला नदी के सभी खनन गेटों से उपखनिज चुगान का कार्य पूरी तरह बंद रखा जाएगा। यह निर्णय सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन ने जनपद में प्रस्तावित बड़ी जनसभा और वीवीआईपी रैली को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इस दौरान शहर की सड़कों पर भारी वाहनों के दबाव को कम करने के लिए मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सुरक्षा कारणों से खनन गेटों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी वीकेंड और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस पत्रांक (यातायात सैल-2026) का हवाला देते हुए बताया गया कि शहर में भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से बचने के लिए यह पाबंदी अनिवार्य है। सभी अनुभाग अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खनन कार्य बंद होने से हजारों वाहनों के पहिए दो दिनों के लिए थम जाएंगे। हालांकि, यह पाबंदी केवल 21 और 22 मार्च के लिए ही प्रभावी है। प्रशासन ने आम जनता और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था में सहयोग करें। रैली और जनसभा के शांतिपूर्ण समापन के बाद खनन कार्य दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
