Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में रात के अंधेरे में महिला के कपड़े चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, वीडियो हुआ था वायरल

हल्द्वानी के महेश नगर में रात को दीवार फांदकर महिला के कपड़े चोरी करने वाले आरोपी निकेत सिंह बिष्ट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी का सामान भी बरामद।

हल्द्वानी:उत्तराखंड के हल्द्वानी में रात के अंधेरे में घर की दीवार फांदकर महिला के कपड़े चुराने वाले एक सनकी चोर को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह अजीबोगरीब घटना सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई थी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
यह पूरा मामला महेश नगर, नवाबी रोड का है। यहाँ की निवासी एक महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर देकर बताया कि 19 जून 2026 की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके मकान की दीवार फांदकर परिसर में घुस आया। वह घर के बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने महिला की गरिमा और सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। हल्द्वानी कोतवाली में इस मामले को लेकर एफआईआर संख्या- 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(2) के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए तुरंत एक टीम का गठन किया।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की। सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान (पंचायतघर रोड) से आरोपी निकेत सिंह बिष्ट (उम्र 34 वर्ष) को दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा, मुखानी का रहने वाला है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें। ऐसी सतर्कता से न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिलती है, बल्कि अपराधियों को भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›