Connect with us

देहरादून

देहरादून चोरी का अनोखा खुलासा: चोरी के गहने पहनकर नौकरानी ने बनाई रील, मालकिन ने पकड़ा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में एक साल पहले हुई चोरी का सोशल मीडिया रील के जरिए खुलासा हुआ। पूर्व नौकरानी ने चोरी के गहने पहनकर इंस्टाग्राम रील बनाई थी।

देहरादून। चोरी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साल पहले हुई गहनों की चोरी का खुलासा किसी पुलिस तफ्तीश से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए हुआ है। दरअसल, एक पूर्व घरेलू सहायिका (नौकरानी) ने चोरी किए गए कीमती आभूषणों को पहनकर इंस्टाग्राम रील और व्हाट्सएप स्टेटस लगा दिया। गहनों की असली मालकिन ने सोशल मीडिया पर अपनी पूर्व नौकरानी को वे गहने पहने देखा और तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन्स में रहने वाली नितीशा वत्स करीब एक साल पहले जाखन के दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहती थीं। उस दौरान उनके घर से डायमंड की दो अंगूठियां, सोने की एक चेन और एक डायमंड हार्ट पेंडेंट अचानक गायब हो गए थे। उस समय नितीशा ने अपनी घरेलू सहायिका विमला देवी पर संदेह जताया था। हालांकि, विमला ने इतनी चतुराई और आत्मविश्वास के साथ पुलिस के पास चलने की बात कही कि मालकिन को लगा कि वह खुद ही गहने कहीं रखकर भूल गई हैं।
यह मामला पूरी तरह से ठंडे बस्ते में जा चुका था, लेकिन बीती 29 जून को इसमें एक नया मोड़ आया। नितीशा ने अचानक अपनी पूर्व नौकरानी विमला देवी के व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील में उन गायब हुए गहनों को देखा। रील में विमला उन्हीं आभूषणों को पहनकर फ्लॉन्ट कर रही थी। नितीशा ने बिना देर किए गहनों के पुराने बिल, रील के स्क्रीनशॉट और वीडियो साक्ष्यों को इकट्ठा किया और राजपुर थाने में आरोपी महिला के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला विमला देवी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी महिला की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर चोरी के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement