Connect with us

देहरादून

देहरादून में बड़ी धोखाधड़ी: कनाडा के NRI से जमीन के नाम पर 3.51 करोड़ हड़पे

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के केदारपुर में जमीन का सौदा कर कनाडाई एनआरआई से 3.51 करोड़ रुपये की ठगी। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

देहरादून। पॉश इलाके में जमीन सौदे के नाम पर एक कनाडाई एनआरआई (प्रवासी भारतीय) से करोड़ों रुपये की जालसाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दून के केदारपुर इलाके में एक भूखंड का सौदा कर एनआरआई से तीन करोड़ 51 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम हड़प ली गई। आरोप है कि पूरी रकम वसूलने के बाद भी आरोपियों ने जमीन का बैनामा (रजिस्ट्री) नहीं किया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
डालनवाला के क्षेत्राधिकारी (CO) नितिन लोहनी ने बताया कि मूल रूप से चंबा (टिहरी गढ़वाल) निवासी और वर्तमान में कनाडा में रह रहे विक्रम सिंह गुसाईं ने इस संबंध में नेहरू कॉलोनी थाने में लिखित तहरीर दी है। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने दिसंबर 2025 में केदारपुर स्थित 750 वर्ग गज जमीन का सौदा गजपाल सिंह और उनके परिवार के साथ किया था। विक्रम सिंह ने जमीन की रजिस्ट्री होने से पहले ही तय की गई पूरी रकम यानी 3.51 करोड़ रुपये का भुगतान आरोपियों को कर दिया था।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ने रजिस्ट्री से पहले अपने सर्वेयर से जमीन की पैमाइश करवाई। मौके पर जमीन 750 वर्ग गज की जगह केवल 729.67 वर्ग गज ही पाई गई। इस गड़बड़ी पर जब दोनों पक्षों में विवाद हुआ, तो जून 2026 में 745 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री करने पर दोबारा सहमति बनी। आरोप है कि इसके बाद भी मुख्य आरोपी गजपाल सिंह ने बैनामे के दस्तावेज देने में आनाकानी शुरू कर दी और तय तारीखों पर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय नहीं पहुंचा।
पीड़ित विक्रम सिंह तीन जुलाई को दिनभर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में आरोपियों का इंतजार करते रहे, लेकिन जमीन बेचने वाले लोग वहां नहीं पहुंचे। जब एनआरआई ने आरोपियों से अपनी गाढ़ी कमाई के 3.51 करोड़ रुपये वापस मांगे, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement