Report by : CWN Desk
Published at :
निरीक्षक मनोज मनराल को राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई, CM धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून पुलिस लाइन में एलआईयू निरीक्षक मनोज मनराल को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। CM पुष्कर सिंह धामी और DGP दीपम सेठ ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि।

देहरादून। देहरादून स्थित एलआईयू (Local Intelligence Unit) में तैनात निरीक्षक मनोज मनराल को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ भावभीनी अंतिम विदाई दी गई। 22 जुलाई को अचानक आए हृदयाघात (Heart Attack) के कारण उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ और पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अभिनव कुमार ने दिवंगत अधिकारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने जवानों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षक मनोज मनराल के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मनोज मनराल ने पुलिस सेवा में रहते हुए हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ी है।
समारोह में मौजूद डीजीपी दीपम सेठ और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी दिवंगत निरीक्षक के उत्कृष्ट योगदान को याद किया। उपस्थित सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पुलिस प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›