देहरादून
देहरादून के डालनवाला में खौफनाक वारदात: विवाद के बाद पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या
देहरादून के डालनवाला में पति ने मामूली विवाद में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही बैठा रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हैरत की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी पति मौके से फरार नहीं हुआ और वहीं बैठा रहा।
मृतका की पहचान सोनू पाल और आरोपी की पहचान रामजी पाल के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले थे और करीब तीन महीने पहले ही देहरादून आए थे। यह परिवार मोहिनी रोड पर स्थित एक रिटायर्ड IFS अधिकारी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। मृतका घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी, जबकि आरोपी राजमिस्त्री था।
घटना के वक्त दोनों के तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से पत्नी पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक को अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया कि उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।
डालनवाला सीओ नितिन लोहानी के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। घटनाक्रम की स्पष्टता के लिए पुलिस आरोपी को मौके पर ले जाकर सीन रीक्रिएट कर रही है। वहीं, मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
