Connect with us

देहरादून

UKSSSC VPDO भर्ती घोटाला: पूर्व CM के पूर्व OSD समेत कई ठिकानों पर ED की छापेमारी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

UKSSSC VPDO परीक्षा 2016 घोटाले में ED ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई की। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व OSD चंदन सिंह जीना समेत कई परिसरों पर छापे।

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा-2016 में बड़े पैमाने पर हुई धांधली के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय की टीमों ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत देहरादून में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। यह पूरी कार्रवाई थाना विजिलेंस देहरादून में दर्ज एफआईआर और इससे जुड़ी अन्य प्राथमिकियों के आधार पर की गई है।
ईडी की इस बड़ी कार्रवाई का मुख्य केंद्र पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व विशेष कार्याधिकारी (OSD) और वर्तमान व्यक्तिगत सहायक (PA) चंदन सिंह जीना का आवास रहा। इसके अलावा केंद्रीय जांच एजेंसी ने UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और परीक्षा की ओएमआर (OMR) प्रोसेसिंग का काम संभालने वाली निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक व बिचौलियों के परिसरों पर भी व्यापक तलाशी ली।
जांच एजेंसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ओएमआर शीटों में हेरफेर का एक संगठित ढांचा तैयार किया गया था। आयोग की सुरक्षित अभिरक्षा से ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक पहुंचाया जाता था। वहां खाली या अधूरी छोड़ी गई शीटों के रोल नंबर नोट कर निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मियों को दिए जाते थे, जो धोखाधड़ी से ओएमआर के गोलों को भरकर दोबारा सील कर देते थे।
इस कथित धोखाधड़ी और ओएमआर शीटों में हेरफेर के बदले बिचौलियों के जरिए अवैध धनराशि का लेन-देन किया जाता था। ईडी अब इस मामले में जुटाए गए दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है। एजेंसी का दावा है कि आने वाले दिनों में इस बड़े घोटाले में संलिप्त कई अन्य प्रभावशाली चेहरों पर भी कानून का शिकंजा कस सकता है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement