Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड राज्यपाल के 5 साल पूरे: लोक भवन में लोकार्पण और विमोचन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड राज्यपाल गुरमीत सिंह के 5 वर्ष पूरे होने पर लोक भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें गढ़ संवाद ऐप, पुस्तकों का विमोचन और प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया गया।

देहरादून। लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के सफल 5 वर्ष पूर्ण होने पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने इस अवसर पर अपनी इस यात्रा को बेहद भावनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि सेना की चार दशक की सेवा में वे कभी किसी एक जगह तीन साल से अधिक नहीं रहे। हालांकि देवभूमि उत्तराखंड में पांच वर्ष का समय कैसे बीत गया, इसका पता ही नहीं चला।
इस खास मौके पर राज्यपाल ने लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके हर सदस्य की मेहनत पर निर्भर करती है। इसके अलावा राज्यपाल ने ‘आत्मा के स्वर-05’ पुस्तक का विमोचन किया। इसमें उनके विभिन्न संबोधनों का संकलन शामिल है। साथ ही उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की तीन अन्य महत्वपूर्ण पुस्तकों का भी विमोचन हुआ।
कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय द्वारा तैयार AI आधारित ‘गढ़ संवाद’ ऐप का शुभारंभ किया गया। यह ऐप गढ़वाली भाषा को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने का कार्य करेगा। इससे स्थानीय भाषा, संस्कृति और लोक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आसान होगा। राज्यपाल ने इस तकनीक-आधारित पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्रीय पहचान के संरक्षण में एक बड़ा कदम बताया।
इससे पूर्व राज्यपाल ने लोक भवन के नए मुख्य प्रवेश द्वार-3 का भव्य लोकार्पण किया। यह प्रवेश द्वार पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला पर आधारित है। यह उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला को बखूबी दर्शाता है। कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कुलपति मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement