देहरादून
दिव्यांग बेटियों का प्रेम देख भावुक हुए CM पुष्कर सिंह धामी, आंखें हुईं नम
देहरादून स्थित NIVH में अपने जन्मदिन पर पहुंचे उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी दिव्यांग बालिकाओं के आत्मीय स्नेह को देखकर भावुक हो गए। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIVH) में उस वक्त एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने जन्मदिवस के अवसर पर विशेष बच्चों के बीच पहुंचे। संस्थान में अध्ययनरत दिव्यांग बालिकाओं ने बेहद आत्मीयता और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
बालिकाओं द्वारा व्यक्त किए गए इस निष्छल स्नेह और आत्मीयता को देखकर मुख्यमंत्री धामी अपने आंसू नहीं रोक पाए। मासूम बच्चों की भावनाएं देख उनकी आंखें नम हो गईं। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि यह पल उनके जीवन का अत्यंत अविस्मरणीय क्षण है। बच्चों से मिला यह प्रेम और आशीर्वाद उनके जन्मदिन का सबसे अनमोल उपहार है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इन बेटियों का अद्भुत आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति हम सभी के लिए एक महान प्रेरणा स्रोत है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और असीम संभावनाएं छिपी होती हैं।
सीएम धामी ने जोर देकर कहा कि दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर, सही प्रोत्साहन और अटूट विश्वास प्रदान करना संपूर्ण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार दिव्यांग बालिकाओं के पुनर्वास, शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
