देहरादून
जल सृष्टि पार्क से लौटते सीएम धामी ने रुकवाया काफिला, लोगों के साथ ली सेल्फी
जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण कर लौट रहे सीएम धामी ने जनता का प्यार देख अचानक काफिला रुकवाया। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के साथ सेल्फी ली व बातचीत की।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के मियांवाला में नवनिर्मित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब सीएम धामी का काफिला लौट रहा था, तब सड़क किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और बच्चे उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े थे। जनता का यह आत्मीय उत्साह और प्रेम देखकर मुख्यमंत्री ने अचानक अपना काफिला रुकवा दिया।
काफिला रुकते ही मुख्यमंत्री धामी सामान्य सुरक्षा प्रोटोकॉल से इतर सीधे आमजन और बच्चों के बीच पहुंच गए। अपने लोकप्रिय मुख्यमंत्री को अचानक अपने बेहद करीब पाकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने सीएम धामी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने की इच्छा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने बेहद सहजता और सादगी दिखाते हुए हर किसी के आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने न केवल बच्चों और बुजुर्गों के साथ खुलकर सेल्फी खिंचवाई, बल्कि बच्चों का हालचाल पूछते हुए उनसे बातचीत भी की। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय और सरल व्यवहार ने मौके पर मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और वहां का माहौल बेहद खुशनुमा बन गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता के बीच जाना और उनके साथ सुख-दुख साझा करना उनके लिए हमेशा एक सुखद अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता का यही निस्वार्थ स्नेह और आशीर्वाद उन्हें दिन-रात जनसेवा और राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
