Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में आबकारी दरोगा और सिपाही सस्पेंड, चोरी का सामान हड़पने का आरोप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

शिमला में हुई चोरी का सामान हड़पने के आरोप में रुद्रपुर में आबकारी विभाग के दरोगा और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर।

उधम सिंह नगर। जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुई करोड़ों की चोरी का माल हड़पने के गंभीर आरोप में आबकारी विभाग के एक दरोगा और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद आबकारी आयुक्त ने यह कड़ा कदम उठाया है। इसके अलावा मामले में शामिल उपनल कर्मी और पीआरडी जवान की सेवा समाप्त करने की सिफारिश भी संबंधित विभागों से की गई है।
घटना के अनुसार, सात सितंबर को शिमला के कालीबाड़ी इलाके में नेपाल मूल की नौकरानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोने-हीरे के जेवरात और नकदी चुरा ली थी। वारदात के बाद आरोपी टैक्सी से नेपाल भागने की फिराक में थे। आठ सितंबर की सुबह उत्तराखंड बॉर्डर पर जांच के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने संदिग्ध वाहन को रोका और उसमें से चोरी का माल बरामद किया। हालांकि, टीम ने आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाने के बजाय सामान हड़प लिया और उन्हें छोड़ दिया।
मामले की तफ्तीश करते हुए जब हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तब इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। फुटेज के आधार पर आबकारी दरोगा देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मी पप्पू लाल और पीआरडी जवान नईम की पहचान हुई। इसके बाद हिमाचल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ हिमाचल ले गई।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया की रिपोर्ट के आधार पर आबकारी आयुक्त ने आरोपी दरोगा और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच उप आयुक्त आबकारी विवेक सोनकिया को सौंपी गई है। प्रशासनिक महकमे में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Select Language

Advertisement