उधमसिंह नगर
किच्छा निकाय चुनाव में भयंकर बवाल: पूर्व विधायक समर्थक ने विधायक बेहड़ को मारा थप्पड़
उत्तराखंड के किच्छा में नगर पालिका चुनाव के दौरान विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों में भिड़ंत हो गई। पुलिस ने दोनों नेताओं को हिरासत में लिया।
ऊधमसिंह नगर। जिले अंतर्गत किच्छा में नगर पालिका चुनाव के दौरान बड़ा बवाल सामने आया है। सोमवार को मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम परिसर में वर्तमान विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पूर्व विधायक के एक समर्थक ने विधायक तिलकराज बेहड़ पर कथित तौर पर हाथ छोड़ दिया और हाथापाई शुरू हो गई।
घटना के दौरान मंडी समिति परिसर में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मामला उस समय शुरू हुआ जब विधायक तिलकराज बेहड़ और प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह स्ट्रांग रूम में मतपेटियां रखे जाने के दौरान पर्दे लगाने का विरोध कर रहे थे। विधायक का आरोप था कि पर्दे लगाने से पूरी चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। इसी बहस के दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समर्थकों संग वहां पहुंचे, जिससे माहौल अचानक गर्मा गया।
हाथापाई और धक्का-मुक्की की घटना के विरोध में विधायक तिलकराज बेहड़ अपने समर्थकों संग मंडी समिति में ही धरने पर बैठ गए। इसके जवाब में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान विधायक बेहड़ की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल ने दोनों नेताओं को तुरंत हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को सिडकुल चौकी और विधायक तिलकराज बेहड़ को कोतवाली किच्छा में ले जाकर बैठाया। हालांकि, देर शाम दोनों नेताओं को पुलिस हिरासत से छोड़ दिया गया। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
