उधमसिंह नगर
किच्छा निकाय चुनाव: स्ट्रांग रूम विवाद में धीरज कुमार गिरफ्तार, जानें अपडेट
किच्छा नगर पालिका चुनाव में स्ट्रांग रूम विवाद पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ की शिकायत पर धीरज कुमार गिरफ्तार, 30 हिरासत में।
ऊधम सिंह नगर। जिले के किच्छा में नगर निकाय चुनाव के दौरान Strong Room (नवीन मंडी समिति) परिसर में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ अभद्रता और हाथ झपटने के आरोप में पुलिस ने धीरज कुमार (40) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लालपुर की आस्था कॉलोनी का निवासी है और उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह पूरा विवाद मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद Strong Room की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ था। Strong Room के बाहर तिरपाल या पर्दे लगाए जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थक वहां पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इसके बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
घटना के दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के आमने-सामने आने से स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। इसी बीच हाथापाई और झड़प का माहौल बन गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। हंगामे और शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लगभग 30 लोगों को हिरासत में लिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति ने स्थिति का जायजा लेते हुए बताया कि परिसर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की ओर से एक तहरीर प्राप्त हो चुकी है, जिसमें कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए गए हैं। वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ की ओर से मौखिक शिकायत के आधार पर धीरज कुमार के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और संयम बरतने की अपील की है। फिलहाल Strong Room परिसर और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
