Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़ जिला महिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही: प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत, परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम

पिथौरागढ़ जिला महिला अस्पताल में गुरुवार देर रात प्रसव के दौरान 26 वर्षीय रेखा देवी और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। आशंका है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की जान गई है।श्रेणी: पिथौरागढ़

#िथौरागढ़। जिला महिला अस्पताल में गुरुवार देर रात प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान जिला मुख्यालय से लगे एक गांव की रहने वाली 26 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर रेखा देवी को गुरुवार रात जिला महिला अस्पताल लाया गया था, जहां रात करीब साढ़े 11 बजे उसका सामान्य प्रसव हुआ। नवजात शिशु मृत पैदा हुआ था, जिसके कुछ देर बाद प्रसूता की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ गई। उसे ऑपरेशन थियेटर से सामान्य वार्ड में लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव (Hemorrhage) होने के कारण महिला की जान गई है, हालांकि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ घर ले गए।

अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी और सीएमओ का बयान

घटना के अगले दिन शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन की तरफ से इस मामले में कोई भी स्पष्ट आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए, वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. भागीरथी गब्र्याल ने भी फोन रिसीव नहीं किया।
इस संवेदनशील मामले पर सीएमओ डॉ. जीवन सिंह चुफाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अस्पताल की आंतरिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही महिला और नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

नौ महीने तक जिस नन्हीं जान को कोख में पालने, उसकी किलकारियां सुनने और उसे गोद में खिलाने के सपने परिवार ने संजोए थे, वह मां अपने बच्चे को एक नजर देखे बिना ही इस दुनिया से हमेशा के लिए विदा हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›