Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में सड़क हादसे में छात्रा कंचन की मौत, परिजनों ने आंखें दान कर पेश की मिसाल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लामाचौड़ में स्कूटी फिसलने से गंभीर रूप से घायल बीएससी नर्सिंग की छात्रा कंचन पांडे की मौत। परिजनों ने कंचन की आंखें दान कर मिसाल कायम की

हल्द्वानी। लामाचौड़ क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा कंचन पांडे (21) की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। हालांकि, इस दुखद घड़ी में भी परिजनों ने कंचन की आंखें दान कर मानवता की एक अनोखी मिसाल पेश की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 सितंबर की रात की है। कंचन अपने कॉलेज से स्कूटी द्वारा घर लौट रही थीं। कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक सामने आए एक निराश्रित कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस भीषण हादसे में कंचन के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों की देखरेख में दो दिनों तक चले इलाज के बावजूद कंचन की हालत में सुधार नहीं हुआ और 16 सितंबर की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। कंचन एक निजी कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं और महिला अस्पताल में भी उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। उनके पिता भगवती प्रसाद शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनका बड़ा भाई क्रूज पर कार्यरत है।
कंचन के निधन के बाद उनके परिजनों ने बेहद साहस और संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी आंखें एसटीएच (सुशीला तिवारी अस्पताल) के आई बैंक में दान कर दीं। परिजनों के इस निर्णय से अब कंचन की आंखों के जरिए किसी जरूरतमंद के जीवन में नया सवेरा आ सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया है।

Select Language

Advertisement