चंपावत पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने ग्राम सभाओं को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को एक आदर्श जिला बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। चंपावत दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य सामान्य नागरिक के जीवन को सुगम और सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के जरिए ही चंपावत को प्रदेश में एक विशिष्ट पहचान दिलाई जाएगी।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने चंपावत सर्किट हाउस में बार संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की और नए पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने जिले के लिए 20 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक ग्राम सभा के विकास के लिए 10-10 लाख रुपये और अधिवक्ता चैंबर के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने चंपावत में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का ब्योरा देते हुए बताया कि ड्रेनेज प्लान के लिए 66 करोड़ रुपये और पेयजल व्यवस्था के लिए 240 करोड़ रुपये की लागत से कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा सड़कों के चौड़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था, रोडवेज और आईएसबीटी का निर्माण भी गतिमान है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भविष्य की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखकर हर क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि प्रदेश में हो रहे तेज विकास को देखकर विपक्ष को अपच हो रही है। उन्होंने कहा कि नकलरोधी कानून लागू होने के बाद से अब तक 35 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
सीएम धामी ने साफ किया कि विपक्ष चाहे जितना भ्रम फैलाने की कोशिश करे, लेकिन विकास की रफ्तार रुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का सही जवाब केवल विकास कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं के जरिए ही दिया जाएगा। राज्य सरकार देवभूमि की अस्मिता और उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य करती रहेगी।