सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर उत्तराखंड पुलिस में 1600 पदों पर भर्ती और थानों का बजट 8 करोड़ करने समेत 8 बड़ी घोषणाएं कीं।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के युवाओं और पुलिस महकमे के लिए बड़ी घोषणा की है। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में लगभग 1,600 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस निर्णय से राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
देहरादून स्थित पुलिस लाइन शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीएम धामी ने शहीद पुलिस कर्मियों को नमन किया। उन्होंने थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट को 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये करने का ऐलान किया। इसके अलावा, राज्य के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी बात कही।
पुलिसकर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने देहरादून में ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरी बैरक का निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही, पुलिस अस्पताल के उच्चीकरण और विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है। सीएम ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। देश की आंतरिक सुरक्षा में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में देशभर के 154 जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। सरकार पुलिस व्यवस्था को लगातार मजबूत और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।