Report by : Paras Bisht
Published at :
सारथी फाउंडेशन ने प्राथमिक विद्यालय बमोरी को दिए 2 कूलर, बच्चों को मिली राहत

सारथी फाउंडेशन समिति ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बमोरी में 2 इलेक्ट्रिक कूलर भेंट किए। उमस भरी गर्मी में स्कूली बच्चों को पढ़ाई के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।

हल्द्वानी। उमस भरी भीषण गर्मी से छोटे बच्चों को राहत दिलाने के लिए सारथी फाउंडेशन समिति ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की है। संस्था ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बमोरी नगर को डा० सुरेश टम्टा के विशेष सहयोग से 2 नए इलेक्ट्रिक कूलर भेंट किए हैं। इस मानवीय सहयोग से स्कूल के बच्चों को पढ़ाई के दौरान गर्मी की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
विद्यालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त और गरिमापूर्ण कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने ये कूलर सौंपे। 22 सितम्बर को सारथी फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन पंत और सचिव ज्ञानेंद्र जोशी ने प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित को दोनों कूलर हस्तांतरित किए। इस अवसर पर स्कूल के सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि तेज उमस के कारण बच्चों को कक्षाओं में बैठने और ध्यान लगाने में काफी परेशानी हो रही थी। बच्चों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए समिति ने तुरंत इलेक्ट्रिक कूलर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। वहीं सचिव ज्ञानेंद्र जोशी ने बताया कि उनकी संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय है और आगे भी जरूरतमंद संस्थानों की मदद करती रहेगी।
प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित ने सारथी फाउंडेशन समिति और उनके सहयोगियों का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। उन्होंने संस्था के इस सामाजिक और कल्याणकारी कार्य की जमकर तारीफ की।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›